Connect with us

मऊ

खेत की रखवाली करने गए किसान का मिला शव, चार नामजद पर मुकदमा

Published

on

मधुबन (मऊ)। दुबारी पुलिस चौकी क्षेत्र के अहिरूपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब तालाब के पास एक 56 वर्षीय किसान का खून से लथपथ शव मिला। मृतक सोमवार की रात मक्के के खेत की रखवाली करने गया था और सुबह उसका शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।सूचना पाकर पुलिस, एएसपी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने इसे पुराने भूमि विवाद से जोड़ते हुए गांव के ही चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया कि मृतक अमला यादव (56) पुत्र स्व. किशुन यादव रात में भोजन के बाद खेत गए थे और वहीं उनकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सुबह बच्चों ने शव देखकर शोर मचाया तो ग्रामीण इकट्ठा हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी मंती देवी ने तहरीर देकर चार ग्रामीणों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने इसे अपराध संख्या 291/2025 के तहत बीएनएस की धारा 103(1)/351(3) में दर्ज किया है।

गौरतलब है कि मधुबन थाना क्षेत्र में नौ दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है। लगातार घटनाओं से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि अपराध नियंत्रण में दुबारी पुलिस चौकी नाकाम साबित हो रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page