वाराणसी
खाली प्लॉट से नवजात का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर स्थित एक खाली प्लॉट की बाउंड्री के भीतर बीती शाम नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम कुछ बच्चे प्लॉट के पास क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय उनकी गेंद बाउंड्री के अंदर चली गई। गेंद उठाने गए एक बच्चे की नजर कपड़े में लिपटे नवजात पर पड़ी। पास जाकर देखने पर नवजात मृत पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
