गाजीपुर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने होली से पहले मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा
गाजीपुर (जयदेश)। होली पर्व के मद्देनज़र आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश पर और डॉ. दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गाजीपुर के निर्देशन में की गई।
अभिसूचना आधारित इस अभियान के तहत मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से कुल सात नमूने संग्रहित किए गए। मितरी बाजार, सैदपुर गाजीपुर स्थित रिख्त रामजी राजभर के प्रतिष्ठान मेसर्स रामजी किराना स्टोर से मस्टर्ड ऑयल (सलोनी ब्रांड) का एक नमूना लिया गया।
वहीं, अगले दिन महुआबाग गाजीपुर स्थित संजय गर्ग के प्रतिष्ठान मेसर्स वैरायटी जनरल स्टोर से काउ घी (Gits ब्रांड) का एक नमूना, गोलाघाट गाजीपुर स्थित पुरुषोत्तम कुमार केशरी के प्रतिष्ठान मेसर्स राजेन्द्र एंड सन्स से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल (फॉर्च्यून ब्रांड) का एक नमूना, कोटिया चट्टी मुहम्मदाबाद गाजीपुर स्थित गोपाल कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स गोपाल इंटरप्राइजेज से डेट्स ब्लिस (Tauffa ब्रांड) का एक नमूना तथा इसी प्रतिष्ठान से डानेदार घी (Magdh ब्रांड) का एक नमूना संग्रहित किया गया।

इसी क्रम में नवापुरा मोड़ युसुफपुर, मुहम्मदाबाद गाजीपुर स्थित ज्वाला चौरसिया के प्रतिष्ठान मेसर्स मोना स्वीट्स से छेना मिठाई का एक नमूना तथा बलुआ टप्पा कवउत, हरिहरपुर गाजीपुर स्थित उमेश चन्द्र गुप्ता के प्रतिष्ठान से नमकीन (मोटू राम ब्रांड) का एक नमूना लिया गया।
संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह नमूना संग्रह एवं प्रवर्तन की कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-11 आर.सी. पाण्डेय एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, गाजीपुर के नेतृत्व में की गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं विरेन्द्र यादव की टीम शामिल रही।
