वाराणसी
क्रिकेटर इशांत शर्मा की सास का निधन
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र की निवासी एवं प्रसिद्ध “सिंह सिस्टर्स” की माता और भारतीय क्रिकेटर इशांत शर्मा की सास उर्मिला सिंह का शनिवार शाम निधन हो गया। जानकारी के अनुसार घर में सीढ़ी से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। उन्हें तत्काल भोजूबीर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान शाम लगभग 6 बजे उनका निधन हो गया। उर्मिला सिंह शिवपुर के परमहंस नगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उनके पति गौरीशंकर सिंह इलाहाबाद बैंक के सेवानिवृत्त प्रबंधक हैं।

परिवार में उनकी पाँच पुत्रियाँ और एक पुत्र हैं। उनकी पाँचों बेटियाँ—प्रियंका सिंह, दिव्या सिंह, प्रशांति सिंह, प्रतिमा सिंह और आकांक्षा सिंह भारतीय बास्केटबॉल टीम की कप्तान रह चुकी हैं। वहीं उनके पुत्र विक्रांत सिंह सोलंकी भारतीय फुटबॉल टीम के नेशनल खिलाड़ी हैं।
बताया जाता है कि उर्मिला सिंह के प्रोत्साहन और मार्गदर्शन से उनकी सभी बेटियों ने भारत के साथ-साथ विदेशों में भी खेल के क्षेत्र में अपना परचम लहराया और देश का नाम रोशन किया। शनिवार रात्रि लगभग 9:30 बजे उनका शव शिवपुर स्थित उनके आवास से अंतिम यात्रा के लिए निकला। उनके निधन की खबर से खेल जगत एवं क्षेत्र में शोक की लहर है।
