वाराणसी
कैंट रेलवे स्टेशन पर चला सघन चेकिंग अभियान, 24 घंटे में दो लाख का जुर्माना वसूला
टिकट बिक्री से हुई 20 लाख की आमदनी
वाराणसी। जिले के कैंट रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों और अनाधिकृत लोगों के खिलाफ रेलवे ने सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 24 घंटे में 359 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे रेलवे अधिनियम के तहत कुल 2,02,350 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
जांच अभियान की वजह से यात्रियों में टिकट लेने को लेकर जागरूकता बढ़ी, जिसके परिणामस्वरूप टिकट काउंटर पर भारी भीड़ देखी गई। एक ही दिन में स्टेशन से कुल 20 लाख 56 हजार रुपये के टिकट बेचे गए।
यह अभियान लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के निर्देशन में, सहायक वाणिज्य प्रबंधक भागचंद मीणा और मुख्य टिकट निरीक्षक जनार्दन सिंह की देखरेख में चलाया गया। जांच के लिए 24 सदस्यों की टीम तैनात थी, जिन्होंने पूरे स्टेशन परिसर में घेरेबंदी कर सघन चेकिंग की।
कड़ी निगरानी में चला अभियान
अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक बीबी सिंह, प्रवीण कुमार, प्रदीप मिश्रा, संजय कुमार सिंह, अरविंद सिंह, समसी सलाम, अनिल कुमार समेत कई अधिकारियों ने भाग लिया। इनके साथ टिकट परीक्षक और आरपीएफ के जवानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
यात्रियों में दिखी जागरूकता
मुख्य टिकट निरीक्षक जनार्दन सिंह ने बताया कि चेकिंग अभियान के चलते यात्रियों ने टिकट काउंटर से टिकट खरीदने में रुचि दिखाई। एक ही दिन में 20 लाख रुपये से अधिक की टिकट बिक्री हुई, जिससे रेलवे को बड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों से यात्री टिकट खरीदने के प्रति जागरूक होंगे और रेलवे को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकेगा।
