Connect with us

गाजीपुर

केरला मॉडल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव

Published

on

Loading...
Loading...

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर ) जयदेश। युसूफपुर स्थित केरला मॉडल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन समाजसेवी श्रीमती मीरा राय के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक एवं उत्सवमयी माहौल बन गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर भारतीय शिक्षा बोर्ड के पूर्वी उत्तर प्रदेश के कोऑर्डिनेटर बृजमोहन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का मूल उद्देश्य विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को एक सूत्र में पिरोना है, जो उत्तर से दक्षिण तक समन्वय स्थापित करता है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणवी गीत एवं नृत्य, समूह नृत्य, स्वच्छता अभियान पर आधारित गीत, दक्षिण भारतीय नृत्य, नारी सम्मान पर प्रस्तुति तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित एकांकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमूह ने भरपूर सराहना की।

विद्यालय परिवार द्वारा कक्षा नर्सरी से कक्षा 8 तक के उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट अंकों से सफलता प्राप्त की। उन्हें मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

Advertisement

इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने समाजसेवी मीरा राय, साहित्यकार एवं कवि सी.पी. सुमन, वरिष्ठ अधिवक्ता अख्तर यजदानी अब्बासी, राजनीतिक कार्यकर्ता दीपू गुप्ता तथा पत्रकार राज कपूर रावत को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन आर्यन एवं नम्रता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अंत में विद्यालय के निदेशक श्याम जी जायसवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page