वाराणसी
केंद्रीय कृषि मंत्री ने 13वें राष्ट्रीय बीज सम्मेलन का किया उद्घाटन
वाराणसी में 13वां राष्ट्रीय बीज सम्मेलन 2024 का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से किया। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक अंतर्राष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (ISARC) में आयोजित हो रहा है।
कार्यक्रम में 700 से अधिक विशेषज्ञ, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, शोधकर्ता और किसान भाग ले रहे हैं, जो बीज क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने भारत की वैश्विक बीज क्षेत्र में बढ़ती भूमिका और जलवायु परिवर्तन व खाद्य सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए अनुसंधान और तकनीक की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से बीजों को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए रणनीतियां विकसित करने की अपील की। इस मौके पर चावल की परती (फेलो) वेबपेज और एटलस का भी शुभारंभ किया गया।
यह पहल भू-स्थानिक तकनीक के माध्यम से पूर्वी भारत के परती भूमि क्षेत्रों का विश्लेषण कर कृषि योजना में सुधार करने का प्रयास है। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राज्य की कृषि उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए इस आयोजन की सराहना की।
उद्घाटन दिवस पर आयोजित सत्रों में भारत के बीज क्षेत्र में अवसर, दक्षिण-दक्षिण सहयोग, सार्वजनिक-निजी भागीदारी और भू-स्थानिक तकनीक के उपयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
तकनीकी सत्रों में बीज गुणवत्ता और नियामक मानकों पर चर्चा की गई। इस सम्मेलन ने ज्ञान साझा करने और बीज प्रणाली को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने की नींव रखी है।
