Connect with us

गाजीपुर

कुंडेसर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ताला, सीएचओ लापता, क्षेत्रीय लोग परेशान

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर। जिले के कुंडेसर ग्राम स्थित उपकेंद्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि गरीब, मजदूर और किसान बिना किसी परेशानी के अपना इलाज करा सकें। लेकिन स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। यहां तैनात सीएचओ प्रीति अवस्थी की गैरमौजूदगी से क्षेत्र के लोग भारी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरा सर्दी का मौसम बीत गया, लेकिन सीएचओ प्रीति अवस्थी ड्यूटी पर कभी नजर नहीं आईं। ग्रामीणों के अनुसार, किसी अधिकारी की मिलीभगत के कारण उनकी अनुपस्थिति पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, और स्वास्थ्य केंद्र के दरवाजे पर हमेशा ताला लटका रहा।

इस मामले को लेकर जब चिकित्सा अधीक्षक मोहम्मदाबाद, आशीष कुमार राय से कई बार—28 दिसंबर 2024, 4 फरवरी 2025 और 19 फरवरी 2025 को सवाल किया गया, तो हर बार वही घिसा-पिटा जवाब मिला—”हम देख रहे हैं।” लेकिन जमीनी हकीकत यही है कि ग्रामीणों को मजबूरन निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उनकी गाढ़ी कमाई पानी की तरह बह रही है।

स्थानीय निवासी तारकेश्वर चौधरी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सीएचओ प्रीति अवस्थी की कोई खबर तक नहीं मिलती। लोग दूर-दूर से इलाज के लिए आते हैं और निराश लौट जाते हैं। इस लापरवाही से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है, और अगर जल्द कोई ठोस समाधान नहीं निकला तो धरना-प्रदर्शन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।

इस पूरे मामले पर जब जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से बात की गई, तो उन्होंने उपकेंद्र की तस्वीरें मांगी और भरोसा दिया कि जांच कर जल्द ही चिकित्सा सेवाएं बहाल कराई जाएंगी। साथ ही, सीएचओ प्रीति अवस्थी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

ग्रामवासियों की एक ही मांग है—अगर यह स्वास्थ्य केंद्र “आरोग्य परमं धनम्” के सिद्धांत पर बना है, तो इसे सिर्फ लिखावट में ही नहीं, बल्कि वास्तविकता में भी लागू किया जाए।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page