Connect with us

गाजीपुर

किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज (गाजीपुर)। स्थानीय बाजार में रविवार मध्य रात्रि में रेलवे स्टेशन चौराहा स्थित पवन किराना स्टोर नामक दुकान में बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लगने से दुकान के कैश बॉक्स में रखे 2.50 लाख नगद तथा करीब 15 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। यानी कुल 17.50 लाख रुपये का नुकसान बताया गया है। दुकानदार को आग लगने की सूचना पड़ोसियों द्वारा दी गई।

जानकारी के अनुसार, नंदगंज बाजार के रेलवे स्टेशन तिराहे पर स्थित पवन किराना स्टोर नामक किराना दुकान में रविवार की मध्य रात में बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। प्लास्टिक कवर में ज्यादा सामान होने से थोड़ी ही देर में आग विकराल रूप ले ली। पड़ोसी द्वारा दुकान से धुआं निकलने की जानकारी मोबाइल से दुकान के प्रोपराइटर शिमांशु जायसवाल उर्फ गोलू को दी गई।

गोलू के घर से आने और शटर खोलने तक आग पूरे दुकान में फैलकर विकराल रूप ले चुकी थी। आसपास के लोगों द्वारा पानी से आग बुझाने की कोशिश नाकाम हो रही थी। करीब डेढ़ घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आकर आग पर काबू पा सकी, लेकिन तब तक दुकान का इन्वर्टर, बैटरी, फ्रिजर, डी-फ्रिजर तथा नमकीन, बिस्कुट, तेल, घी आदि सभी सामान जलकर राख हो चुका था।

Advertisement

प्रोपराइटर शिमांशु जायसवाल ने बताया कि रविवार को ढाई लाख का एजेंसी का नया सामान भी आया था। उन्होंने बताया कि रविवार को दोपहर से ही बिजली न रहने के कारण शाम को इन्वर्टर ने भी जवाब दे दिया था। इसलिए शाम को दुकान जल्दी-जल्दी बंद करके कैश बॉक्स में पड़ा करीब 2.50 लाख रुपया भी नहीं ले पाए और घर चले गए। रात में करीब एक बजे बिजली आने पर दुकान के पिछले भाग में शॉर्ट सर्किट से आग लगी और पूरी दुकान धूं-धूं कर जलने लगी।

इस किराना दुकान के बगल उमाकांत की कपड़े की एक दुकान है। जानकारी होते ही उन्होंने भी अपनी दुकान खोलकर जल्दी-जल्दी कपड़े बाहर निकाले, अन्यथा उनकी दुकान भी आग की चपेट में आ जाती। उनकी दुकान में भी धुंआ भर गया था।

सोमवार को सुबह राजस्व विभाग के लेखपाल ने मौके का मुआयना करके 15 लाख रुपये का सामान जलने की आख्या दी है। शिमांशु द्वारा थाने में भी 2.50 लाख नगद तथा 15 लाख के सामान के जलने की सूचना दी गई है। शिमांशु ने बताया कि उन्होंने स्थानीय यूनियन बैंक की शाखा से 25 लाख का हाउसिंग लोन तथा 6 लाख का मुद्रा लोन लिया है। बैंक अधिकारी अभी जली हुई दुकान का निरीक्षण नहीं किए हैं। शिमांशु ने हल्दीराम की नमकीन आदि की एजेंसी भी ले रखी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page