वाराणसी
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की अपील – दलालों से दूर रहें श्रद्धालु
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए अपील जारी करते हुए कहा है कि विशेष परिस्थितियों में भी बाबा के दर्शन के लिए किसी दलाल या जुगाड़ के चक्कर में न पड़ें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी विशिष्ट अनुरोध के लिए श्रद्धालु सीधे मंदिर न्यास कार्यालय से भौतिक रूप में या ceo@skvt.org पर ईमेल के माध्यम से संपर्क करें। न्यास द्वारा उपलब्ध कराई जा सकने वाली सुविधाएं संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रदान की जाएंगी।
सामान्य परिस्थितियों में दर्शन, आरती और रुद्राभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर हेल्प डेस्क से संपर्क करने की सलाह दी गई है। इसी क्रम में मंदिर प्रशासन ने 9 महीने 9 दिन के काशीवास पर आए पुणे निवासी दंपती के लिए नियमित बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई है। पुणे के संजीव आंबेकर और नेहा आंबेकर ने बताया कि उनका 9 माह 9 दिन का काशीवास 29 मार्च को पूर्ण होगा।
दंपती ने बताया कि काशीवास का संकल्प लेते समय उन्होंने प्रतिदिन बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन का व्रत लिया था, लेकिन दैनिक पास निरस्त होने के कारण उन्हें आम श्रद्धालुओं के साथ प्रतिदिन दर्शन करने में कठिनाई हो रही थी। साथ ही प्रतिदिन सुगम दर्शन का टिकट लेना भी व्यावहारिक नहीं था। ऐसी स्थिति में उन्होंने मंदिर कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से संपर्क किया, जिसके बाद मंदिर प्रशासन ने उनके नियमित दर्शन की व्यवस्था कर दी।
