वाराणसी
काशी विद्यापीठ में छात्राओं के बीच मारपीट, रैगिंग का आरोप
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के रूम नंबर 21 में बुधवार को शाम 3 बजे छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई।
घटना के बाद रूम बंद कर दिया गया और दोनों पक्षों ने प्राचार्य को प्रार्थना पत्र दिए हैं। बीए ऑनर्स प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपनी सीनियर छात्राओं पर एक सप्ताह से प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
उन्होंने प्रॉक्टर को दिए गए पत्र में कहा कि सीनियर छात्राओं ने उन्हें कक्ष से बाहर निकालकर गला दबाने की कोशिश की और मारपीट की साथ ही जातिसूचक गालियां भी दीं। छात्रा का आरोप है कि उसे कक्षा में जाने से मना कर दिया और बंद कर दिया गया था जिससे वह किसी तरह बाहर निकल पाई।
वहीं, दूसरी ओर, एमए की छात्रा ने मानविकी संकाय के कुछ छात्रों पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाया। उनके अनुसार, शिवम तिवारी, अनुराग राय, गौरव सिंह और अन्य अज्ञात छात्रों ने उन्हें धमकी दी और जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने इस घटना के बाद थाने में भी प्रार्थना पत्र दिया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विश्वविद्यालय प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोनों प्रार्थना पत्रों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। चीफ प्रॉक्टर डॉ. के.के. सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बात की।
उन्होंने कहा कि यदि रैगिंग का मामला सामने आता है तो संबंधित शिकायत ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी और इस मामले में पूरी सतर्कता बरती जाएगी। वर्तमान में कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
