गाजीपुर
कांग्रेस का बाढ़ प्रबंधन पर हल्ला बोल, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार मंगलवार को जनपद में कांग्रेसजनों ने बाढ़ की भयावह स्थिति और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सरजू पांडे पार्क में किया गया, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए।
प्रदर्शन के दौरान महामहिम राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया जिसमें तत्काल राहत कार्य शुरू करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण आम जनता त्राहिमाम कर रही है। बाढ़ पीड़ितों को न तो भोजन मिल पा रहा है और न ही रहने की व्यवस्था। सरकार की यह संवेदनहीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह केवल घोषणाओं तक सीमित है, जबकि ज़मीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि जिलाधिकारी को अविलंब राहत कार्यों को सक्रिय करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि कांग्रेस की मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो पार्टी सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, जिला व शहर इकाई के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ आवाज़ बुलंद की।