वाराणसी
करधना में मृतक बच्चियों के परिजनों से मिले विधायक व सपा के पूर्व मंत्री
वाराणसी। जिले मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना गांव में बीते रविवार व सोमवार को विषाक्त पदार्थ खाने से तीन बच्चियों की हुई मौत के मामले में बुधवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने मृतक बच्चियों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाकर हर संभव मदद दिलाई जाएगी।
इस दौरान मृतक बच्चियों की मां मनीषा देवी व अंजली देवी सहित अन्य परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी है, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
बुधवार दोपहर बाद रोहनिया विधायक सुनील पटेल तथा सेवापुरी विधायक की बेटी अदिति पटेल ने भी परिजनों से मुलाकात कर दुख संवेदना प्रकट की और मामले की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि बीते रविवार व सोमवार को पड़ोसी के दरवाजे पर खेलते समय बच्चियों ने कनेर (कनैल) के जहरीले बीज को फल समझकर खा लिया था, जिससे तीनों बच्चियों की इलाज के दौरान दो दिनों में एक-एक कर मौत हो गई। इस संबंध में सगी बहनों की मां मनीषा देवी ने मंगलवार को मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर पड़ोसी पर विषाक्त पदार्थ खिलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
