वाराणसी
कफ सीरप तस्करी मामले में वांछित आरोपी पकड़ाया
वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सीरप के अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में एसटीएफ लखनऊ की टीम ने समाजवादी पार्टी के नेता अमित यादव को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त मैदागिन क्षेत्र का निवासी बताया गया है, जिसे हरहुआ रिंग रोड स्थित काशीधाम के पास से पकड़ा गया।
एसटीएफ के अनुसार, अमित यादव के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कफ सीरप तस्करी से संबंधित मामला दर्ज था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। जांच में सामने आया है कि अमित बंगाल और बांग्लादेश भेजे जाने वाले कफ सीरप तस्करी नेटवर्क का प्रमुख सूत्रधार था। लखनऊ में मामला दर्ज होने के बाद उसकी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ली गई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थीं।
एसटीएफ का दावा है कि अमित यादव समाजवादी पार्टी की युवजन सभा का प्रदेश सचिव रह चुका है और हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भी रहा है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी पहचान शुभम से कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। शुभम के पिता भोला प्रसाद की रांची स्थित फर्म शैली ट्रेडर्स, हिमाचल प्रदेश की एबाट कंपनी की फेंसाडील कफ सीरप की तस्करी में संलिप्त थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि अमित ने वाराणसी के सप्तसागर दवा मंडी स्थित अपनी फर्म जीएल सर्जिकल के माध्यम से कफ सीरप की एक लाख से अधिक शीशियां खरीदी थीं। इन शीशियों को अन्य फर्मों के नाम पर फर्जी बिक्री दिखाकर ऊंचे दामों पर बेचा गया। इस तरीके से उसने बड़े पैमाने पर अवैध मुनाफा कमाया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमित यादव के खिलाफ पहले से ही दंगा, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ अब उससे जुड़े अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क के पूरे ढांचे की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
