राज्य-राजधानी
कपड़ों की खरीदारी के लिए दिल्ली गए देवरिया के ‘शिवा’ कार ब्लास्ट में घायल
देवरिया। भलुअनी उपनगर के रहने वाले 25 वर्षीय शिवा जायसवाल दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट में घायल हो गए। उन्हें एलएनजेपी अस्पताल, नई दिल्ली में भर्ती कराया गया, जहाँ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनका कुशलक्षेम जाना। शिवा की नगर पंचायत भलुअनी में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है।

सूत्रों के अनुसार, शिवा जायसवाल नौ नवंबर को कपड़ों की खरीदारी के लिए दिल्ली गए थे। सोमवार की सुबह वह गांधीनगर मार्केट से रेडीमेड कपड़े खरीदने के बाद अपनी बहन पूर्णिमा जायसवाल के घर भजनपुरा क्षेत्र स्थित अंकुर विहार कॉलोनी पहुँचे। वहाँ भोजन कर कुछ देर आराम करने के बाद शाम लगभग छह बजे वह मौसी के लड़के से मिलने के लिए गोविंदपुरी कॉलोनी जाने के लिए निकले।
इसी दौरान लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें अन्य घायलों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी मिलते ही उनके घर में हड़कंप मच गया। परिजन दिल्ली से संपर्क कर शिवा के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
