मिर्ज़ापुर
कजरहवा मेले की कुश्ती में मीरजापुर के चिन्नी पहलवान ने वाराणसी के नेहरू पहलवान को दी पटखनी
राजगढ़ क्षेत्र की स्थानीय ग्राम पंचायत में अगहन माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी पर बकहर नदी किनारे लगे पारंपरिक धनुषयज्ञ-कजरहवा मेले में शुक्रवार दोपहर रोमांचक कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई। ग्राम प्रधान आशीष जयसवाल ने अखाड़े की पूजा कर पहलवानों का हाथ मिलवाते हुए दंगल की शुरुआत की। मुकाबलों में मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली, अयोध्या, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज से आए पहलवानों ने जोर-आजमाइश की।
कुल 35 जोड़ों ने अखाड़े में उतरकर दमखम दिखाया।इस दौरान महिला पहलवान रूबी वन ईमिलिया और सिमरन अहरौरा के बीच हुआ मुकाबला दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण बना, जो कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर छूटा।दंगल का सबसे बड़ा मुकाबला फाइनल में देखने को मिला, जहां मीरजापुर के हाजीपुर के चिन्नी पहलवान और वाराणसी के नेहरू पहलवान आमने-सामने थे।
जोरदार भिड़ंत में चिन्नी पहलवान ने नेहरू को पटखनी देकर खिताब अपने नाम किया। इस जोड़ी पर रखा गया 25 हजार रुपये का इनाम जीतकर उन्होंने विजयी दंगल की शान बढ़ाई। रेफरी की भूमिका शिवशंकर और कल्लू पहलवान ने निभाई। कार्यक्रम में आशीष जयसवाल, रविशंकर, इंस, प्रदीप, संतोष सहित कई लोग मौजूद रहे।
