चन्दौली
ओवरलोड पिकअप का संतुलन बिगड़ा, स्कूली मार्ग पर बड़ा हादसा टला

चंदौली। एक तरफ डीएम के निर्देश पर एआरटीओ डॉक्टर सर्वेश कुशवाहा अनफिट व ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने की बात करते हैं। वहीं दूसरी तरफ नगर की सड़कों पर ट्रांसपोर्ट की गाड़ियां ओवरलोड चल रही हैं। शुक्रवार की प्रातः नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 गांधी नगर में एक ट्रांसपोर्ट की ओवरलोड पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के बीचो-बीच एक तरफ झुक गई। संयोग अच्छा था कि कोई हताहत नहीं हुआ।
बताते चलें कि नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों से प्रातः काल स्कूली बच्चों सहित स्कूल के वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। शुक्रवार की प्रातः पिकअप वाहन माल लेकर बाजार में जा रही थी। इसी दौरान उक्त ओवरलोड ट्रांसपोर्ट की पिकअप नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 गांधी नगर में अनियंत्रित होकर सड़क के बीचो-बीच एक तरफ झुक गई। इससे उक्त मार्ग अवरुद्ध हो गया।
संयोग अच्छा था कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। नगरवासियों ने बताया कि उक्त पिकअप कई बार नगर में अनियंत्रित हो चुकी है। नगरवासियों ने ओवरलोड ट्रांसपोर्ट के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग उच्च अधिकारियों से की है। लोगों का कहना था कि नगर पंचायत का उक्त वार्ड सबसे व्यस्ततम मार्ग है, जहां प्रतिदिन स्कूली वाहनों सहित विद्यालय के बच्चों का आना-जाना लगा रहता है।