गोरखपुर
एस.एन.एस.एस स्कूल का 25वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
गोरखपुर। एस.एन.एस.एस सीनियर सेकेंड्री स्कूल का 25वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में गोरखपुर जिले के मेयर डाक्टर मंगलेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डायरेक्टर उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया, वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या रुमा चक्रवर्ती ने उन्हें बुके भेंट किया। विद्यालय परिवार की ओर से स्मृति चिन्ह देकर भी मेयर का सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में मेयर डॉ. श्रीवास्तव ने सरकार द्वारा गोरखपुर में संचालित विकास कार्यक्रमों और स्वच्छता अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आमजन के साथ-साथ बच्चों को भी बचपन से ही स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में जल संचय के महत्व पर विशेष जोर देते हुए उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को इसके प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका “सृजन” का विमोचन भी किया गया। मेयर डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि यह पत्रिका शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्व की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक होगी तथा विद्यार्थियों को जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगी।
समारोह में गोरखपुर जिले के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व महाप्रबंधक (रेलवे) विजय कुमार श्रीवास्तव, चित्रांश समिति के संरक्षक बी.के. विद्यार्थी, गौरीशंकर श्रीवास्तव, किरण शंकर श्रीवास्तव, पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के महामंत्री (संगठन) भानु प्रकाश नारायण, डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार श्रीवास्तव तथा ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे। अभिभावकों की उपस्थिति में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन असिस्टेंट मैनेजर अभिनव श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
