अपराध
एसटीएफ ने झारखंड से दबोचा एक लाख का इनामी
अपराधी ने वाराणसी में सपा नेता के घर पर की थी फायरिंग, साथियों को पहले ही जेल भेज चुकी पुलिस
वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में 30 जून को हुए सपा नेता के आवास पर हमला करने के आरोपी भाजपा नेता/पूर्व पार्षद तथा वांछित एक लाख के इनामिया अंकित यादव को गुरुवार को एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद झारखंड (जनपद पाकुर) से गिरफ्तार किया।
अंकित यादव इस मामले में मुख्य आरोपी था और उसने अपने प्रतिद्वंदी विजय यादव के घर हमला बोला था। इसके बाद से फरार था। एसटीएफ कई दिनों से उसकी तलाश में थी, उसके करीबी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाते ही लोकेशन ट्रैस हो गई और घेराबंदी कर ली। आरोपी को कल कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लेकर आया जाएगा।
पुलिस रिकार्ड और पूछताछ में सामने आया कि अंकित यादव एक मनबढ किस्म का दबंग अपराधी है। इसका अपने क्षेत्र के कुछ मनबढ किस्म के लड़कों का एक गैंग बनाया है। यह गैंग आस-पास को लोगों से वसूली आदि का काम करता है। आस-पास के लोगों में इसका इतना भय है कि लोग इसकी शिकायत पुलिस से करने में डरते थे। इसके विरूद्ध मारपीट आदि के कई मुकदमें पंजीकृत हैं।
एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि अपराधी अंकित यादव के जनपद पाकुर (झारखंड) में छिपकर रहने की सूचना मिली थी। सूचना पर सब इंस्पेक्टर अंगद यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर झारखंड भेजा गया था। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि 1 लाख का इनामी अपराधी अंकित यादव अन्नपूर्णानगर काॅलोनी के पास मौजूद है। जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने अंकित यादव को गिरफ्तार किया है।
