Connect with us

गोरखपुर

एसएसपी की बड़ी कार्रवाई: गोरखपुर में पांच शातिर अपराधी ‘दुराचारी’ घोषित, ‘बी’ हिस्ट्रीशीट खुली

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थानों से जुड़े पांच शातिर अपराधियों को “दुराचारी” घोषित करते हुए उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर ‘बी’ हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। इस कदम के बाद अब इन आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, थाना रामगढ़ताल और शाहपुर क्षेत्र से जुड़े जिन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें नितिन कुमार मिश्रा, मन्तोष ठाकुर, अंकित पासवान उर्फ मण्टू, अम्बिका पासवान और शुभम श्रीवास्तव शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी, मारपीट और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं।

सबसे लंबा आपराधिक इतिहास मन्तोष ठाकुर का बताया गया है, जिसके विरुद्ध वर्ष 2008 से लेकर 2022 तक हत्या (धारा 302 भादवि), हत्या के प्रयास (307 भादवि), गैंगेस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी और लूट की कई वारदातों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नितिन कुमार मिश्रा, अंकित पासवान, अम्बिका पासवान और शुभम श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “बी” हिस्ट्रीशीट खोलने का उद्देश्य इन अपराधियों की सतत निगरानी, उनकी गतिविधियों का सत्यापन और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद संबंधित थाने की पुलिस नियमित रूप से इनकी गतिविधियों की जांच करेगी और संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी व्यक्ति संगठित अपराध या समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाया जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page