मऊ
उमराव सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
मऊ (जयदेश)। रानीपुर स्थित जनता पीजी कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व सांसद उमराव सिंह की 25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उपस्थित अतिथियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश बहादुर सिंह ने कहा कि उमराव सिंह त्याग और सेवा के प्रतीक थे। उन्होंने सरलता और ईमानदारी से संसद तक का सफर तय किया और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पूर्वांचल की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई।
वे शिक्षा और सामाजिक चेतना के प्रमुख सूत्रधार थे और हमेशा जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे।किसान नेता देव प्रकाश राय ने उन्हें एक महान स्वतंत्रता सेनानी और मानवीय गुणों से भरपूर व्यक्तित्व के रूप में याद किया।
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही और वे कई बार जेल भी गए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रबंधक प्रकाश सिंह ने उमराव सिंह के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए उनका योगदान अमूल्य था। कॉलेज के प्रबंधक धनंजय सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके बाबा सादा जीवन और उच्च विचारों के प्रतीक थे।
उन्होंने उनके द्वारा किए गए निर्माण कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान का उल्लेख करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि उमराव सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में जो अलख जगाई, वह पूर्वांचल के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में रवींद्र सिंह, माधवेंद्र बहादुर सिंह, रामाश्रय राय, देवेंद्र सिंह, जय जय सिंह, अशोक सिंह और बृजभूषण सिंह समेत कई विशिष्ट व्यक्तित्व उपस्थित थे।
