गोरखपुर
उनौली में भीषण आग से कई किसानों की फसल नष्ट, फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप
गोलाबाजार (गोरखपुर) गोला तहसील क्षेत्र के उनौली ग्राम पंचायत में मंगलवार देर रात को हाईटेंशन विद्युत तार के फ्यूज से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना लगभग शाम पौने चार बजे की बताई जा रही है, जिससे देखते ही देखते कई किसानों की फसल जलकर राख हो गई।
प्राप्त विवरण के अनुसार खेत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहा है, जहां से आसपास के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति के लिए तारों का वितरण किया गया है। इसी लाइन में लगे फ्यूज से शॉर्ट सर्किट के दौरान चिंगारी निकली, जिससे आग लग गई। सबसे पहले उनौली में बबलू राय के खेत के पास आग भड़की और तेजी से फैलते हुए सहडौली निवासी हेमंत कुमार राय पुत्र हृदय नारायण राय तथा डेइडीहा निवासी शारदा प्रसाद राय पुत्र राम हजूर राय के खेतों तक पहुंच गई।
तकरीबन 2.4 हेक्टेयर गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और लाठी-डंडा, झाड़ आदि के सहारे घंटों प्रयास कर आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूझ और मेहनत से आग को आगे फैलने से रोका जा सका, जिससे अन्य खेत सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलने पर तहसील कर्मी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। वहीं, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद समय पर कोई मदद नहीं पहुंच सकी, जिससे नुकसान बढ़ गया।
