वाराणसी
इस दिन से शुरू होगा यूपी बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होगा। जिले के कुल चार केंद्रों पर 05 लाख 61 हजार 469 कॉपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिसमें इंटरमीडिएट की कुल 02 लाख 33 हजार 990 कॉपियां शामिल है। इन कॉपियों को जांचने के लिए कुल 270 डिप्टी हेड लगाए गए हैं। जबकि परीक्षकों की संख्या 2623 है। इसमें इंटरमीडिएट के 96 डिप्टी हेड और 889 परीक्षक शामिल है।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिब्य कान्त शुक्ल द्वारा परीक्षकों की सूची जारी कर दी गई है। इसे प्रत्येक जनपद के जिला विद्यालय निरीक्षकों को भेज दी गई है। जिले में मूल्यांकन के कुल चार केंद्रों में महाबोधि इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर 166509 कॉपियों का मूल्यांकन होगा जबकि भारतीय शिक्षा इंटरमीडिएट कॉलेज इंग्लिशिया लाइन पर 160970 कापियां जांची जाएगी। इन दोनों केन्द्रों पर हाई स्कूल की कापियों का मूल्यांकन किया जाएगा । इसके अलावा राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर 121012 कॉपियों का मूल्यांकन होगा जबकि प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर मूल्यांकन केंद्र पर 112978 कापियां जांची जाएगी। इन दोनों केन्द्रों पर इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन किया जाएगा ।
