भदोही
इको-फ्रेंडली तकनीक अपनाने से ही सुरक्षित रहेगा पर्यावरण
भदोही। पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय कंसापुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने 3020वें दिन लीची का पौधा रोपित किया।उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए इको-फ्रेंडली तकनीक को अपनाना समय की आवश्यकता है।
रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंच रहा है, जबकि जैविक खाद पर्यावरण के अनुकूल है और पैदावार भी बेहतर होती है।कार्यक्रम में सौर ऊर्जा को इको-फ्रेंडली तकनीक का श्रेष्ठ उदाहरण बताया गया। शिक्षक मनीष कुमार जायसवाल ने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर धरती को प्रदूषण से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर कई शिक्षक, छात्र और ग्रामीण उपस्थित रहे।
