Connect with us

वाराणसी

आर्य महिला पी.जी. कॉलेज में ‘फोटोग्राफी द्वारा नारी सशक्तिकरण एवं कौशल विकास’ कार्यक्रम आयोजित

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। आर्य महिला पी.जी. कॉलेज, वाराणसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) की इकाई ‘A’ एवं इकाई ‘D’ द्वारा स्किल इंडिया पहल के अंतर्गत “फोटोग्राफी द्वारा नारी सशक्तिकरण एवं कौशल विकास” का आयोजन दुर्गाकुंड मलिन बस्ती तथा बनकटी हनुमान मंदिर मलिन बस्ती में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयंसेविकाओं में रचनात्मक कौशल का विकास करना तथा फोटोग्राफी के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ महिला फोटोग्राफर आरती गुप्ता जी के व्याख्यान “नारी शक्ति थ्रू द लेंस” से हुआ। इस सत्र में स्वयंसेविकाओं को फोटोग्राफी की मूलभूत तकनीकों, उसके रचनात्मक उपयोग तथा इसे करियर के रूप में अपनाने के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ता ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया, फ्रीलांसिंग और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से फोटोग्राफी एक महत्वपूर्ण कौशल तथा रोजगार का सशक्त माध्यम बन सकती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं द्वारा अनेक रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। “कैमरा: सामाजिक बदलाव की आवाज़” विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा तथा सामाजिक समानता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही “सी द वर्ल्ड थ्रू द लेंस” विषय पर नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें कैमरे के माध्यम से समाज की भावनाओं और वास्तविकताओं को अभिव्यक्त किया गया।

Advertisement

इसके अतिरिक्त “एक तस्वीर समाज बदल सकती है” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता तथा “सामाजिक परिवर्तन के साधन के रूप में फोटोग्राफी” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने अपनी रचनात्मकता और विचारों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस कार्यक्रम में लगभग 100 स्वयंसेविकाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेविकाओं की रचनात्मक एवं व्यावहारिक क्षमताओं का विकास हुआ तथा समाज में फोटोग्राफी की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ी। यह कार्यक्रम स्किल इंडिया के उद्देश्यों के अनुरूप स्वयंसेविकाओं को कौशल आधारित करियर की ओर प्रेरित करने में सहायक सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम का संचालन इकाई ‘A’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्वप्ना बंद्योपाध्याय तथा इकाई ‘D’ की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता गुप्ता के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को उनके सक्रिय सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page