चन्दौली
आरोग्य मंदिर नेवाजगंज में लगा स्वास्थ्य शिविर
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वास्थ्य शिविर, मीनाक्षी शर्मा ने दी जानकारी
चंदौली। शिकारगंज क्षेत्र में बुधवार को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत आरोग्य मंदिर नेवाजगंज में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में महिलाओं और किशोरियों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श उपलब्ध कराए गए।
शिविर में गैर संक्रामक रोग (NCD) स्क्रीनिंग, कैंसर स्क्रीनिंग, टीकाकरण, गर्भावस्था देखभाल, मातृ शिशु संरक्षण (MCP) कार्ड से जुड़ी सेवाएं, मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जागरूकता, आयुष भारत डिजिटल मिशन, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच, ओरल कैंसर जांच, किशोरियों और महिलाओं के लिए एनीमिया की जांच एवं परामर्श उपचार, उच्च जोखिम वाली महिलाओं के लिए टीबी की जांच, महिलाओं द्वारा और उनके लिए स्वास्थ्य तकनीकी स्टार्टअप्स तथा आयुष सेवाएं प्रदान की गईं।
इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और उपचार से लाभान्वित करना था। आरोग्य मंदिर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सी.एच.ओ.) मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम के तहत मूलभूत सुविधाओं को देखते हुए शिविरों के माध्यम से निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं और किशोरियों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मौसम परिवर्तन के समय संक्रमित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस शिविर में शैल कुमारी, प्रीति, काजल, संतरा, मंजू देवी, आरती, श्याम दुलारी, केवला देवी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। वहीं, एनम सविता देवी, कुसुम लता, आशा संगिनी शशिबाला देवी और आशा कार्यकर्ता प्रियंका, संजू तथा पूनम पांडे भी मौजूद रहीं।
