गाजीपुर
आपसी मतभेद से अलग हुए छह परिवार फिर से हुए एक
गाजीपुर (जयदेश)। महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर ने गुरुवार को सराहनीय पहल करते हुए आपसी मतभेद के चलते अलग हुए 06 परिवारों को मध्यस्थता के माध्यम से पुनः साथ रहने के लिए राजी कराकर सकुशल विदाई कराई। इस दौरान गिले-शिकवे भुलाकर 06 दम्पत्तियों के बीच समझौता कराया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के कुशल निर्देशन में गुरुवार को कार्यालय महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर में पति-पत्नी विवाद से संबंधित कुल 22 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें काफी समय से लंबित चल रहे 06 प्रकरणों में दोनों पक्षों को बैठाकर बिना किसी दबाव के आपसी सहमति से मध्यस्थता कराई गई और राजी-खुशी समझौता होने के बाद सकुशल विदाई दी गई।

बताया गया कि 02 प्रकरणों में समझौता होने के बाद पत्रावली बंद कर दी गई। वहीं 05 प्रकरणों में विधिक सुझाव देते हुए पत्रावली बंद की गई। शेष प्रकरणों में अभी मध्यस्थता न हो पाने के कारण अगली तिथि निर्धारित की गई है।

इन प्रकरणों के निस्तारण में काउंसलर कमरूद्दीन, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, महिला आरक्षी संध्या, महिला आरक्षी अभिलाषा, आरक्षी शिव शंकर यादव सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
