पूर्वांचल
आजमगढ़ में सुरक्षा के लिए कदमताल, पुलिस की विशेष पैदल गश्त शुरू
आजमगढ़ जिले में गुरुवार को शासन के निर्देशानुसार जनपद आजमगढ़ में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना के नेतृत्व में यह अभियान कोतवाली थाना क्षेत्र के बवाली मोड़, बस अड्डा, घंटाघर चौराहा, अग्रसेन चौराहा और कुंवर सिंह उद्यान तक आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महिला थाना प्रभारी और कोतवाली और महिला थाना के पुलिस बल ने इस अभियान में भाग लिया।

गश्त के दौरान मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में स्थित मंदिरों और मस्जिदों की सुरक्षा जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने गश्त के दौरान आम नागरिकों, महिलाओं और पुरुषों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया। इस दौरान शासन के निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया। यह अभियान नागरिकों में सुरक्षा की भावना जागृत करने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया।
