गाजीपुर
आग लगने से मड़ई सहित घर का सामान जलकर राख
विधायक पुत्र ने पहुंचायी मदद
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के सेवराई गांव में अज्ञात कारणों से आग लगने से एक रिहायशी मड़ई और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर के सभी सदस्य खेत पर काम करने गए थे। पड़ोसियों ने ताला तोड़कर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ नष्ट हो चुका था।
गांव निवासी गुड्डू राजभर उर्फ दारा अपने परिवार के साथ खेत पर थे, तभी उनके घर से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका जताई। पड़ोसियों ने तुरंत गुड्डू को सूचित किया और घर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की लपटों ने घर में रखे सभी कीमती सामान, अनाज और बिस्तर को जलाकर राख कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जमानिया विधायक ओम प्रकाश सिंह के पुत्र रितेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को कंबल, अनाज और आर्थिक सहायता प्रदान की। रितेश सिंह ने कहा, “यह दुखद घटना है। इस कठिन समय में हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हरसंभव मदद करेंगे।”
घटना की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल और तहसील अधिकारियों को स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए। एसडीएम संजय यादव ने कहा कि, “घटना की पूरी जानकारी ली जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।”
आग लगने के बाद से ही पीड़ित परिवार के पास सिर छुपाने के लिए कोई जगह नहीं बची है। पड़ोसी और स्थानीय प्रशासन उनके पुनर्वास के लिए प्रयासरत हैं। इस हादसे ने गांव में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
