वाराणसी
आईआईटी बीएचयू : पीड़िता ने अदालत से किया अनुरोध
वाराणसी में आईआईटी-बीएचयू की एक छात्रा ने अदालत से अनुरोध किया है कि उसके सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये की जाए। छात्रा का कहना है कि कचहरी आने पर उसकी निजता भंग होती है और लोग उसे पहचानने की कोशिश करते हैं। इसके अलावा उसकी परीक्षाएं भी जल्द शुरू होने वाली हैं जिनकी तैयारी में कचहरी आने-जाने से बाधा होगी।
छात्रा ने बताया कि उसके संस्थान में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये अदालत के समक्ष पेश होने की सुविधा है। अदालत ने इस प्रार्थना पत्र पर अभी कोई आदेश नहीं दिया है। इस बीच सोमवार को मुकदमे की सुनवाई एडीजे/फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम की अदालत में एक बार फिर टल गई और अब अगली सुनवाई की तारीख 12 नवंबर तय की गई है।
यह घटना 1 नवंबर 2023 की रात की है जब 1:30 बजे के करीब बीटेक की छात्रा अपने हॉस्टल से टहलने निकली थी। गांधी स्मृति छात्रावास चौराहे पर उसके दोस्त से मुलाकात हुई, और वे दोनों कर्मनवीर बाबा मंदिर के पास पहुंच गए। तभी बुलेट सवार तीन युवक वहां आए और दोनों को रोक लिया।
युवकों ने छात्रा का मुंह दबा दिया और उसे एक कोने में ले गए जबकि उसके दोस्त को भगा दिया। इस मामले में 31 दिसंबर 2023 को बृज एनक्लेव कॉलोनी का कुणाल पांडेय और जिवधीपुर बजरडीहा का आनंद उर्फ अभिषेक चौहान और सक्षम पटेल गिरफ्तार किए गए थे। अभियोजन पक्ष की ओर से छात्रा की मुख्य परीक्षा की कार्यवाही पूरी कराई जा चुकी है लेकिन बचाव पक्ष द्वारा प्रति परीक्षा की कार्यवाही अभी तक पूरी नहीं हो सकी है।
