मऊ
आंगनबाड़ी लाभार्थी के नाम पर व्यापारी से बीस हजार की ठगी
मऊ। रतनपुरा कस्बे में एक युवा व्यापारी के साथ 20 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। अमित कुमार नामक व्यापारी भगवान बाजार में अपनी दुकान चलाते हैं और उनकी पत्नी ज्योति देवी आंगनबाड़ी की लाभार्थी हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब 1:44 बजे इस ठगी की घटना हुई।बताया जा रहा है कि रतनपुरा की आंगनबाड़ी कार्यकत्री रंजू देवी के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आंगनबाड़ी विभाग का हेड बताया और रंजू देवी को फटकार लगाते हुए कहा कि वह गर्भवती और धात्री महिलाओं को सही ढंग से राशन वितरण नहीं कर रही हैं। इसके बाद उसने लाभार्थी से बात कराने को कहा।
रंजू देवी ने तुरंत आंगनबाड़ी लाभार्थी ज्योति देवी के पति अमित कुमार को कॉल पर जोड़ दिया। साइबर ठग ने अमित से पहले आंगनबाड़ी के जरिए मिलने वाली मुफ्त सामग्री के बारे में पूछा, फिर बताया कि अब प्रक्रिया बदल गई है और सामग्री की जगह उसकी धनराशि सीधे खाते में भेजी जाएगी। इसके लिए लाभार्थी का खाता अपडेट करना जरूरी बताया गया।
इस दौरान ठग ने रंजू देवी, अमित कुमार और ज्योति देवी को कॉन्फ्रेंस कॉल पर लिए रखा, ताकि कोई भी व्यक्ति बीच में कॉल काटकर सोचने-समझने का मौका न पा सके। खाते को अपडेट करने के नाम पर तुरंत 20 हजार रुपये एक लिंक के जरिए भेजने को कहा गया। अमित कुमार ने ठग के बताए लिंक पर 20 हजार रुपये भेज दिए।
इसके बाद जब ठग ने दूसरे खाते से भी 20 हजार रुपये भेजने की बात कही, तब अमित को शक हुआ और उन्हें समझ में आ गया कि उनके साथ ठगी हो चुकी है। उन्होंने तत्काल कॉल काटकर पूरे मामले की जानकारी व्यापार मंडल अध्यक्ष रामनारायण साहू को दी।
अध्यक्ष ने उन्हें साइबर सेल और पुलिस चौकी में शिकायत करने की सलाह दी।अमित कुमार ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल, उन्होंने पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दे दी है और मामले की जांच जारी है।
