वाराणसी
अस्सी घाट पर बनेगी मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग, जाम से मिलेगी राहत
वाराणसी। नगर निगम द्वारा अस्सी घाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यहां मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। करीब 9.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग से घाट किनारे लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए 2.14 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फूड प्लाजा का भी निर्माण प्रस्तावित है, जहां बनारसी खान-पान का नया अनुभव मिलेगा।
शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट और भदैनी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सीएम-वीएनवाई) के अंतर्गत प्रस्तावित मैकेनाइज्ड पार्किंग और फूड प्लाजा के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चार मंजिला मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग के निर्माण की जिम्मेदारी शासन द्वारा सीएनडीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने कहा कि बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और उसका सौंदर्यीकरण निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य अस्सी घाट क्षेत्र में वाहनों के दबाव को कम करना और पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में नगर आयुक्त ने भदैनी स्थित रॉ पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। परिसर का गहन अवलोकन करते हुए उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को तत्काल सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल प्रबंधन से जुड़े केंद्रों का स्वरूप स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आकर्षक होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सिविल, महाप्रबंधक जलकल, सीएनडीएस के अवर अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
