Connect with us

वाराणसी

अवैध कॉलोनियों पर वीडीए सख्त, 10 कॉलोनियां वैध, 200 पर ध्वस्तीकरण की तलवार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की कार्रवाई अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। अवैध प्लाटिंग कर विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलने और करीब 150 बीघा क्षेत्र में बनी बाउंड्री ध्वस्त किए जाने के बाद महज एक सप्ताह के भीतर 10 अवैध कॉलोनियों का वैधीकरण हो गया है। इसके अलावा 17 अन्य कॉलोनियों के वैधकरण से जुड़े प्रपत्रों की जांच की प्रक्रिया जारी है।

वीडीए ने अपने क्षेत्र में चिह्नित 200 अवैध कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण का आदेश पारित कर दिया है। सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित डेवलपर्स से संपर्क कर शमन ले-आउट अनिवार्य रूप से जमा कराएं। स्पष्ट किया गया है कि यदि 15 जनवरी तक शमन ले-आउट दाखिल नहीं किया गया, तो संबंधित कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अवैध कॉलोनियों के तेजी से विकास के चलते स्थानीय लोगों को बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी झेलनी पड़ रही है। सड़क, बिजली और पानी जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध न होने से आए दिन विरोध-प्रदर्शन की स्थिति बन रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

हालांकि वीडीए द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन कई मामलों में डेवलपर्स पर इसका अपेक्षित असर नहीं दिखा। इसे लेकर वीडीए कर्मियों की लापरवाही या संलिप्तता के आरोप भी सामने आ रहे हैं।

वीडीए का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कड़ा संदेश है। उद्देश्य यह है कि शहर में अनियंत्रित विकास पर रोक लगे और निवासियों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इन कदमों से अवैध कॉलोनियों का विस्तार रुकेगा और वाराणसी का विकास व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ेगा।

Advertisement

इन कॉलोनियों के ले-आउट किए गए पास

राजातालाब तहसील के दरेखू, कसवार राजा में शिवसाइनाथ इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड व बीआरएमटीजीडीएम प्राइवेट लिमिटेड की 2885.6 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की कॉलोनी को मंजूरी मिली है।

इसी तहसील के खुलासपुर, कसवार राजा में प्रशांत कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह व अमित कुमार सिंह की 3175.53 वर्ग मीटर में विकसित कॉलोनी का ले-आउट पास हुआ है।

तहसील सदर के शिवपुर क्षेत्र में बृजमोहन सिंह, किशन कुमार, प्रीति सिंह, पूजा सिंह, जावेद अहमद एवं मेसर्स विनायक निर्माण प्राइवेट लिमिटेड की 2131.18 वर्ग मीटर तथा राधिका देवी की 987.32 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों को स्वीकृति दी गई है।

सदर तहसील के जगरदेवपुर, कसरवार राजा में पैथोज रियलवे प्राइवेट लिमिटेड (आशुतोष प्रभाकर) की 1274.32 वर्ग मीटर, विनायका में सुरेश शर्मा की 2040.37 वर्ग मीटर तथा आशापुर में सईदा बीबी, नजमा, जमीला बीबी, कौनैन फैसल, रहमान, शमीम अहमद, रुखसाना परवीन, हसीन अहमद व नसीम अहमद की 2527.05 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों के ले-आउट को मंजूरी दी गई है।

Advertisement

इसके अलावा सदर तहसील के सीओ परगना अंतर्गत जाल्हूपुर में राजीव जायसवाल की 1100.55 वर्ग मीटर जमीन, मुगलसराय तहसील (चंदौली) के मुहब्बतपुर में सरोज कुमार व अश्विनी कुमार की 2848.93 वर्ग मीटर तथा गंगेहरा, भरछा में कन्हैया यादव की 2112.26 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की कॉलोनियों को भी वैध किया गया है।

वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि,  वीडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण सीमा में किसी भी नई अवैध कॉलोनी को बसने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए प्रवर्तन टीम को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बावजूद कोई डेवलपर अवैध कॉलोनी विकसित करता है, तो बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page