Connect with us

गाजीपुर

अमृत भारत एक्सप्रेस से 51 लीटर अवैध शराब बरामद

Published

on

Loading...
Loading...

दिलदारनगर (गाजीपुर)। ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ दिलदारनगर और जीआरपी दिलदारनगर की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन दिलदारनगर पर ट्रेन संख्या 22362 डाउन अमृत भारत एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कुल मात्रा 51.750 लीटर आंकी गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 40,740 रुपये बताई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर खास के माध्यम से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 22362 डाउन अमृत भारत एक्सप्रेस के कोच संख्या S6 और S7 में भारी मात्रा में शराब बिहार ले जाई जा रही है, जिसे बिहार राज्य में एसीपी कर उतारे जाने की प्रबल संभावना है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, चूंकि उक्त ट्रेन का दिलदारनगर स्टेशन पर नियमित ठहराव नहीं था, इसलिए सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से विशेष ठहराव की अनुमति ली गई।

इसके बाद आरपीएफ दिलदारनगर और जीआरपी दिलदारनगर की संयुक्त टीम ने दिलदारनगर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02 पर सुबह 10.31 बजे ट्रेन के पहुंचने के बाद बोगियों की सघन जांच की। जांच के दौरान कोच संख्या S6 और S7 से कुल आठ बैग बरामद किए गए, जो अवैध अंग्रेजी शराब से भरे हुए थे। मौके पर किसी भी व्यक्ति द्वारा उक्त शराब पर मालिकाना हक नहीं जताया गया और न ही कोच में कोई संदिग्ध व्यक्ति पाया गया।

इसके उपरांत निरीक्षक प्रभारी दिलदारनगर द्वारा बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत मौके की कार्यवाही करते हुए जप्ती सूची तैयार की गई और समय 11.30 बजे बरामद शराब को विधिवत जप्त कर लिया गया। जब्त की गई शराब में 750 एमएल धारिता वाली 45 बोतल ब्लैक बकार्डी रम, 12 बोतल ओल्ड मॉन्क रम और 12 बोतल 8पीएम अंग्रेजी शराब शामिल हैं। इस प्रकार कुल बरामद अंग्रेजी शराब की मात्रा 51.750 लीटर और कुल कीमत 40,740 रुपये आंकी गई है।

इस अभियान में आरपीएफ दिलदारनगर से निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, सहायक उपनिरीक्षक ऋषिकेश शर्मा, आरक्षक अरुण कुमार और आरक्षक हरिशंकर शामिल रहे, जबकि जीआरपी दिलदारनगर से उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार, प्रधान आरक्षक अजित कुमार और आरक्षक विनोद कुमार ने कार्रवाई में भाग लिया।

Advertisement

बताया गया कि ट्रेन के माध्यम से शराब ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है और शराब एक ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण इससे आग लगने तथा यात्रियों के जान-माल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बरामद शराब को कब्जे में लेकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर लाया गया और मौके की समस्त आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए जीआरपी दिलदारनगर को सुपुर्द कर दिया गया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page