वाराणसी
अभिलेख और कीमती सामान असुरक्षित, चहारदीवारी न होने से बढ़ा चोरी का खतरा
वाराणसी। जिले के हरहुआ विकासखंड के दासेपुर ग्राम सभा में स्थित पंचायत भवन की चहारदीवारी वर्षों पहले क्षतिग्रस्त होकर गिर चुकी है, लेकिन अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है। चहारदीवारी न होने के कारण पंचायत भवन का परिसर पूरी तरह खुला हुआ है, जिससे भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिसर में बने शौचालय जर्जर स्थिति में हैं और उनके गिरने की आशंका बनी रहती है। समय रहते निर्माण कार्य न होने की स्थिति में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
दासेपुर पंचायत भवन में ग्राम पंचायत से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेख, कंप्यूटर सहित अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा गया है। चहारदीवारी के अभाव में असामाजिक तत्वों का प्रवेश आसानी से हो सकता है, जिससे चोरी और सरकारी दस्तावेजों के नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत सचिव चंदा सिंह और ग्राम प्रधान सोनू प्रसाद इस गंभीर समस्या को लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। ग्राम प्रधान सोनू प्रसाद पूर्व में यह दावा कर चुके हैं कि ग्राम सभा में शौचालय, सीवर, जल जीवन मिशन, पंचायत भवन और इंटरलॉकिंग जैसे कई विकास कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ कराए गए हैं। पंचायत भवन का निर्माण भी उनके पिछले कार्यकाल में हुआ था, लेकिन चहारदीवारी गिरने के बाद उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
बताया गया कि बीते माह जब इस संबंध में पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान से सवाल किया गया था, तब उन्होंने जानकारी न होने की बात कहते हुए शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया था। हालांकि मंगलवार को पंचायत सचिव चंदा सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
वहीं ग्राम प्रधान सोनू प्रसाद ने बताया कि वर्तमान समय में बजट की कमी के कारण चहारदीवारी का निर्माण नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि जैसे ही बजट उपलब्ध होगा, निर्माण कार्य कराया जाएगा। फिलहाल पंचायत भवन की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
