गाजीपुर
अब्दुल हमीद का 60वां शहादत दिवस धूमधाम से सम्पन्न
फौजी वेश में युवक के भाषण से मचा हंगामा
सांसद धर्मेंद्र यादव, कई विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व सैनिक रहे मौजूद
गाजीपुर (धामुपुर)। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का 60वां शहादत दिवस मंगलवार को उनकी जन्मभूमि धामुपुर स्थित शहीद पार्क में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशाल तिरंगा यात्रा से हुई, जो शहीद पार्क से चलकर दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पहुँची। यहाँ शहीद अब्दुल हमीद और शहीद केदार सिंह की स्मृति में बने स्मारक पर उपजिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार, सीओ भुड़कुड़ा चोभ सिंह, थानाध्यक्ष कमलेश कुमार, डॉ. के.पी. सिंह तथा शहीद के पौत्र मोहम्मद परवेज ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
यात्रा के दौरान चरमुहानी स्थित शहीद अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया। पुनः शहीद पार्क लौटकर कार्यक्रम सम्मान समारोह में परिवर्तित हुआ। यहाँ अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सादाब फातिमा, पूर्व सांसद गुड्डू जमाली सहित अनेक गणमान्य लोगों का सम्मान किया गया। इसके बाद शहीद अब्दुल हमीद और उनकी धर्मपत्नी रसूलन बीवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वाराणसी गोरखा ट्रेनिंग सेंटर की टीम ने शहीद स्तंभ पर सैन्य सलामी दी। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर शौर्य सैनिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुब्बा यादव समेत दो दर्जन से अधिक पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में शहीद के पुत्र जैनुअल हसन ने सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त किया। वहीं देर से पहुँचे सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ सदर विधायक जयकिशन साहू, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इस बीच एक अनहोनी घटना भी हुई। फौजी वर्दी में एक युवक हरिंदर कुमार यादव (निवासी-जौनपुर) शहीद स्तंभ पर चढ़कर भाषण देने लगा। उसने ‘अग्निवीर भर्ती योजना’ और दुश्मन देशों से दोस्ती जैसे मुद्दों पर सरकार पर सवाल उठाए। स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई, परंतु सांसद धर्मेंद्र यादव के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था, लेकिन उसकी कुछ माँगों को लोगों ने उचित भी बताया।
अपने संबोधन में सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि “गाजीपुर शहीदों की धरती है, यहाँ से सबसे अधिक युवा सेना में सेवा दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना रद्द कर स्थायी भर्ती बहाल की जाएगी।” उन्होंने नेताजी मुलायम सिंह यादव को सैनिकों का सबसे बड़ा सम्मानकर्ता बताया और कहा कि सपा हमेशा जवानों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की माँग पर सांसद ने आश्वासन दिया कि सरकार बनने पर हर माँग पूरी की जाएगी।
कार्यक्रम में हजारों की भीड़ मौजूद रही। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और शहीद की स्मृति में हर कोई भावुक नजर आया।
इस अवसर पर आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, सदर विधायक जयकिशन साहू, जंगीपुर विधायक वीरेंद्र यादव, विधायक मन्नू अंसारी, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, विधायक नफीस अहमद, विधायक आशा यादव, सपा नेता गुड्डू जमाली, पूर्व जिला अध्यक्ष रामधारी यादव, दिल्ली से आये लक्ष्मण यादव सहित अनेक नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा शौर्य चक्र सम्मानित विशेष सिंह कुशवाहा, हवलदार संजय मौर्य, सूबेदार मेजर अशोक यादव, सूबेदार मेजर रविंद्र यादव, क्षेत्रीय नेता निखिल यादव, दीपक यादव (पूर्वांचल), निज़ाम सिद्दीकी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गरीब राम, ग्राम प्रधान शिकानु राम समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, ग्रामीण व कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
