Connect with us

मिर्ज़ापुर

अपना दल (एस) ने मनाई अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती, अनुप्रिया पटेल ने कहा- हमारा लक्ष्य सामाजिक न्याय की मशाल जलाए रखना

Published

on

मिर्जापुर । अपना दल (एस) ने मिर्जापुर स्थित पार्टी कार्यालय पर राजमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती दिवस बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया। जिलाध्यक्ष ई० राम लौटन बिंद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण तथा रसायन उर्वरक राज्य मंत्री व पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थीं छानबे विधायक रिंकी कोल। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव रामवृक्ष बिंद ने किया।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने अहिल्याबाई होलकर के अद्वितीय शासनकाल और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयासों का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सती प्रथा जैसे अमानवीय दौर में शासन की बागडोर संभाली, महिलाओं को संपत्ति का अधिकार और अस्त्र-शस्त्र की शिक्षा दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि पार्टी का उद्देश्य केवल सांसद या विधायक बनना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की विचारधारा को हर घर तक पहुँचाना है। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगे के विधानसभा और अन्य चुनावों में जीत की कुंजी बनेगी और इससे समाज के दबे-कुचले वर्गों का सशक्तिकरण किया जा सकेगा।

विधायक रिंकी कोल ने अपने वक्तव्य में अहिल्याबाई होलकर को बिना युद्ध के अपनी प्रशासनिक कुशलता, न्यायप्रियता और परोपकारी भावना से शासन चलाने वाली महान शासिका बताया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई द्वारा बनवाए गए मंदिर, घाट, कुएं और तालाब आज तीर्थ स्थलों के रूप में जाने जाते हैं और उनका जीवन समाज सेवा को समर्पित था। जिलाध्यक्ष ई रामलौटन बिंद ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अहिल्याबाई के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लें और मिर्जापुर में हुए विकास की जानकारी जन-जन तक पहुँचाएं ताकि पार्टी का चौमुखी विकास हो सके।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव रमाशंकर सिंह पटेल, राष्ट्रीय महासचिव व्यापार रमेश पटेल, राष्ट्रीय सचिव किसान मंच रमाकांत पटेल, राष्ट्रीय सचिव मेघनाथ पटेल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चिकित्सा मंच डॉ एसपी पटेल, प्रदेश के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला नेता और सैकड़ों लोग शामिल हुए। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को 1 जून को लखनऊ में नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया। कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान ने दी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page