गोरखपुर
अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश
गोरखपुर। मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने आयुक्त सभागार में आयोजित अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां की मण्डल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कक्षा 8 एवं 9 में प्रवेश से संबंधित नियमों और प्रक्रिया का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों तक सही जानकारी समय से पहुंच सके।
मण्डलायुक्त ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां में कक्षा 8 एवं 9 में प्रवेश के लिए 31 जनवरी 2026 तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक एवं पात्र छात्र-छात्राएं ऑनलाइन तथा ऑफलाइन, दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाया जाए, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को आवेदन करने में कठिनाई न हो।
उन्होंने आगे बताया कि श्रम विभाग में न्यूनतम तीन वर्ष से पंजीकृत श्रमिकों के बच्चे कक्षा 8 एवं 9 में प्रवेश हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों को भी इस विद्यालय में प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा। मण्डलायुक्त ने कहा कि यह योजना सामाजिक रूप से वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी मण्डल के सभी जनपदों में प्रभावी ढंग से प्रचारित की जाए। इसके लिए विद्यालयों, श्रम विभाग कार्यालयों, पंचायत स्तर, नगरीय निकायों, सूचना विभाग एवं जनसंचार माध्यमों का सक्रिय रूप से उपयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रचार-प्रसार के दौरान आवेदन की अंतिम तिथि, पात्रता शर्तें और आवेदन के माध्यमों की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी पात्र बच्चे का आवेदन जानकारी के अभाव में न छूटे। साथ ही, आवेदन प्राप्ति की नियमित समीक्षा कर अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित किए जाएं। मण्डलायुक्त ने कहा कि अटल आवासीय विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह श्रमिक परिवारों और जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम भी है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। अंत में मण्डलायुक्त ने सभी को समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रवेश प्रक्रिया को सफल बनाने के निर्देश दिए।
