वाराणसी
Varanasi Airport : विदेशी यात्री के बैग से बारहसिंघा का सींग बरामद
वाराणसी। जनपद के बाबतपुर स्थित ‘लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा’ पर रविवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विदेशी नागरिक के बैग की सुरक्षा जांच के दौरान उसमें बारहसिंघा का सींग बरामद हुआ। इस घटना के बाद संबंधित यात्री की बैंकाक यात्रा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई और वन विभाग की टीम द्वारा उससे पूछताछ शुरू कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विदेशी नागरिक दमित्री ब्रेकिन वाराणसी से बैंकाक जाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-215 पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचे थे। करीब 12 बजे सुरक्षा जांच के दौरान उनके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें बैग से बारहसिंघा का सींग मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। घटना की सूचना तुरंत सीआईएसएफ द्वारा पुलिस और वन विभाग को दी गई।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत बारहसिंघा जैसे संरक्षित जीवों के अंगों का परिवहन और व्यापार पूर्णतः प्रतिबंधित है। ऐसे में इस बरामदगी को गंभीर मानते हुए जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुट गई हैं कि उक्त सींग यात्री के पास कहां से आया और इसके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है। फिलहाल यात्री से गहन पूछताछ जारी है।
बाबतपुर वन विभाग के रेंजर पंकज पटेल ने पुष्टि करते हुए बताया कि विदेशी नागरिक के बैग से बारहसिंघा का सींग बरामद हुआ है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल वन्यजीव संरक्षण के लिए खतरा हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की ओर भी संकेत करती हैं।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच को और अधिक सख्त कर दिया गया है। साथ ही यात्रियों को अपने सामान की जांच करने और किसी भी संदिग्ध वस्तु को साथ न रखने की सलाह दी गई है। वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी संबंधित विभाग द्वारा पहल की तैयारी की जा रही है।
