वाराणसी
Varanasi Airport : यात्रियों से अभद्रता करने वाले चार टैक्सी-ऑटो चालक गिरफ्तार
डीसीपी की चेतावनी के बाद भी नहीं माने चालक, पुलिस ने कसा शिकंजा
वाराणसी। ‘लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा’ पर यात्रियों के साथ अभद्रता करने और जबरन सवारी के लिए दबाव बनाने वाले टैक्सी व ऑटो चालकों के खिलाफ फूलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। औचक अभियान में पुलिस टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चार चालकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि यातायात में बाधा बन रहे दो वाहनों को जब्त कर लिया गया।
बताया जाता है कि पिछले कुछ समय से एयरपोर्ट के आगमन गेट पर यात्रियों के साथ बदसलूकी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जैसे ही यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकलते थे, टैक्सी और ऑटो चालक उन्हें घेर लेते थे, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था। कई मामलों में सवारी से इनकार करने पर चालक अभद्र व्यवहार भी करने लगते थे। इसके अलावा निर्धारित पार्किंग स्थल के बजाय आगमन लेन में वाहन खड़े कर दिए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था और परिसर में भीड़ की स्थिति बन रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने टैक्सी और ऑटो चालकों के साथ बैठक कर उन्हें अंतिम चेतावनी दी थी। इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई भी चालक अराइवल लेन में यात्रियों को परेशान नहीं करेगा और सभी वाहन केवल आवंटित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएंगे। बावजूद इसके व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ और चालकों की मनमानी जारी रही, जिसके बाद एयरपोर्ट परिसर में चार पुलिसकर्मियों की स्थायी तैनाती कर दी गई।
इसी क्रम में फूलपुर थाना पुलिस ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान यात्रियों को घेरकर सवारी के लिए दबाव बनाने वाले चार चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि यातायात बाधित करने वाले दो वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस प्रशासन ने टैक्सी और ऑटो यूनियनों को फिर से कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्र का ही उपयोग किया जाए। यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
