बड़ी खबरें
US-Israel Iran Strike : खामेनेई की मौत के दावे से मिडिल ईस्ट में भड़का तनाव, ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
नई दिल्ली। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद पूरे मिडिल ईस्ट में हालात युद्ध जैसे हो गए हैं। तीनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं और हमले लगातार जारी हैं। इस बीच ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई है। उनकी मौत की पुष्टि के साथ ही ईरान में 40 दिन के राष्ट्रीय शोक और एक सप्ताह के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है। हालांकि ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली नेतृत्व के उस दावे को खारिज किया है जिसमें कहा गया था कि खामेनेई मारे जा चुके हैं।
अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान के कई ठिकानों पर हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़े सैन्य अभियान की पुष्टि की। इजरायल ने कहा कि यह कार्रवाई अमेरिका के नेतृत्व में की गई। जवाब में ईरान ने मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजरायल के कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। मिडिल ईस्ट के कई देशों ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है और नागरिकों को गैर-जरूरी आवाजाही से बचने की सलाह दी है।

ईरान के प्रेस टीवी के अनुसार, हमलों में अयातुल्लाह अली खामेनेई मारे गए। वे 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता थे और सेना, न्यायपालिका, मीडिया तथा विदेश नीति सहित सभी अहम निर्णयों पर उनका अंतिम नियंत्रण था। 1939 में मशहद में जन्मे खामेनेई, 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद देश के दूसरे सर्वोच्च नेता बने थे। उनके कार्यकाल में पश्चिमी देशों के साथ तनाव और मध्य पूर्व की राजनीति में ईरान की सक्रिय भूमिका प्रमुख रही।
ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कतर सहित सात देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। प्रेस टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने कतर में तैनात एक उन्नत अमेरिकी रडार सिस्टम को नष्ट करने का दावा किया है। बयान में कहा गया कि एफपी132 रडार सिस्टम, जिसकी रेंज 5000 किलोमीटर थी और जिसकी कीमत लगभग 1.1 बिलियन डॉलर बताई गई थी, बड़े मिसाइल हमले में पूरी तरह तबाह हो गया। ईरान ने 14 अमेरिकी बेस को निशाना बनाने और सैकड़ों अमेरिकी सैनिकों के मारे जाने का भी दावा किया है।

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल दागे जाने की भी खबर है, जिसमें चार कर्मचारी घायल हुए। दुबई एयरपोर्ट्स ने एक कॉनकोर्स में मामूली नुकसान की पुष्टि करते हुए बताया कि आपातकालीन योजनाओं के तहत अधिकांश टर्मिनल खाली करा लिए गए थे। वहीं सीरिया में एक इमारत पर गिरी ईरानी मिसाइल से चार लोगों की मौत की सूचना है।
ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिका-इजरायल के हमलों में 24 प्रांत प्रभावित हुए हैं। ईरान की रेड क्रेसेंट सोसायटी के हवाले से बताया गया कि 201 लोगों की मौत हुई है और 747 घायल हुए हैं। एक स्कूल पर हमले में 100 से अधिक बच्चों के मारे जाने का दावा संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने किया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने स्थिति को वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया और कहा कि कई खबरों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक न्यूज चैनल द्वारा बातचीत में कहा कि उन्हें विश्वास है कि खामेनेई की मौत हो चुकी है, हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब तक वह स्वयं पुष्टि न कर लें, अंतिम रूप से कुछ नहीं कह सकते। खामेनेई के संभावित उत्तराधिकारी के सवाल पर उन्होंने व्यंग्यपूर्ण टिप्पणी की। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी दावा किया कि खामेनेई के परिसर को नष्ट कर दिया गया है और कई वरिष्ठ रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडर तथा परमाणु अधिकारी मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक आवश्यकता होगी।
इसके विपरीत, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि सुप्रीम लीडर और राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। ईरान के अंदर खामेनेई के समर्थन में लोग सड़कों पर उतर आए हैं, जबकि ट्रंप के बयान के बाद तेहरान के कुछ इलाकों में जश्न मनाने की भी खबरें हैं।

क्षेत्रीय तनाव का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को 410 उड़ानें रद्द की गईं और रविवार को 444 और उड़ानों के रद्द होने की आशंका है। एयर इंडिया और इंडिगो ने मिडिल ईस्ट के लिए उड़ानें निलंबित कर दी हैं। तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की एक उड़ान को एयरस्पेस बंद होने के कारण बीच रास्ते से लौटना पड़ा।
इजरायल में भारतीय राजदूत जेपी सिंह ने कहा कि वहां मौजूद भारतीयों के संपर्क में रहा जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही सुरक्षित निकासी के प्रयास किए जाएंगे। भारतीय दूतावास ने मिस्र या जॉर्डन के रास्ते निकासी की संभावना जताई है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने 24×7 हेल्पलाइन जारी की है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने रूस के अनुरोध पर अपने 35 सदस्यीय बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की आपात बैठक सोमवार को बुलाई है, जिसमें ईरान पर हमलों पर चर्चा होगी। यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्रिटेन, कुवैत और तुर्की के नेताओं से भी बातचीत की है।
ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर जिनेवा में हाल ही में तीसरे दौर की वार्ता हुई थी और नए दौर की बातचीत प्रस्तावित थी, लेकिन ताजा सैन्य कार्रवाई ने कूटनीतिक प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। फिलहाल मिडिल ईस्ट में तनाव अपने चरम पर है और हालात तेजी से बदल रहे हैं।
