Connect with us

वाराणसी

UPSTF के गिरफ्त में मुन्ना बजरंगी गिरोह के दो शातिर , झारखण्ड में BJP नेता की हत्या में थे वांछित

Published

on

वाराणसी । तीन माह पूर्व झारखंड में BJP नेता जीतराम मुंडा की हत्या के मामले में बुधवार को एसटीएफ व झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुन्ना बजरंगी गिरोह के शातिर अपराधियों को कैंट थाना क्षेत्र के मिंट हाउस तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। दोनों अपराधियों में एक जौनपुर के नेवढिय़ा थानांतर्गत कादीहद निवासी अजीत प्रताप सिंह उर्फ लल्लन व दूसरा इसी जिले के बक्शा थानांतर्गत खुनसापुर निवासी राजीव कुमार सिंह है। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त डस्टर कार(UP 62 AK 8755) व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। दोनों के पकड़े जाने से दोनों राज्यों की पुलिस ने राहत की सांस ली है। इन पर BJP  नेता की हत्या में शामिल शूटर अलीशेर को अपने यहां शरण देते हुए झारखण्ड पहुंचाने में सहयोग प्रदान करने का आरोप है।

यह गिरफ्तारी झारखंड पुलिस द्वारा दी गई लोकेशन के आधार पर हुई है। इस मामले में एसटीएफ के हाथों शूटर अलीशेर अपने साथी कामरान के साथ मारा जा चुका है, जबकि दूसरा जेल में है। BJP  नेता की हत्या करने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। बताते चले  कि गत 22 सितंबर को रांची झारखंड में बीजेपी नेता जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दोनों आरोपितों के वाराणसी व जौनपुर में होने की संभावना जताई जा रही थी। इस संबंध में रांची की थाना ओरमांझी की पुलिस टीम द्वारा एसटीएफ की वाराणसी इकाई से आवश्यक सहयोग मांगा गया था। एसटीएफ के वाराणसी इकाई निरीक्षक पुनीत परिहार व निरीक्षक अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने झारखंड पुलिस टीम द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर सह कार्रवाई की।

 धनबाद के बहुचर्चित नीरज सिंह हत्याकांड में मुन्ना बजरंगी गैंग का भाड़े का शूटर आंबेडकरनगर के राजेसुल्तान थानांतर्गत जगदीशपुर काड़ीपुऱ निवासी अमन सिंह बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद है। उसने जीतराम मुंडा की हत्या मनोज मुंडा से पांच लाख रुपये की सुपारी लेकर अलीशेर उर्फ बाबूसाहब उर्फ बूढ़ा निवासी बैरिडीह थाना देवगांव आजमगढ़ और हेमंत यादव उर्फ डब्लू निवासी भुजाड़ी थाना खानपुर गाजीपुर से कराया था। गत 25 अक्टूबर को एसटीएफ से हुई मुठभेड में अलीशेर अपने एक अन्य साथी कामरान के साथ मारा गया था। गिरफ्तार दोनों आरोपित अजीत सिंह उर्फ लल्लन व राजीव सिंह के द्वारा ही मध्यस्थता कर अलीशेर को अपने यहां शरण देते हुए झारखंड पहुंचाने में सहयोग प्रदान किया गया था।

आरोपितों ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया कि बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद नीरज सिंह हत्याकाण्ड के आरोपित अमन सिंह के साथ मनोज मुंडा साल 2017 में जेल में बंद था। उसी के साथ डेविड उर्फ बलराम साहू पीईएफआइ नक्सली भी बंद था। उसी के माध्यम से मनोज की मुलाकात अमन से हुई थी। मनोज मुंडा की आपसी रंजिश जीतराम मुंडा से थी। जीत राम मुंडा ने मनोज मुंडा को एक मुकदमे में गवाही करके सात साल की सजा करवा दी थी। मनोज मुंडा इसी का बदला जीतराम मुंडा से लेना चाहता था। इसी क्रम में डेविड ने पांच लाख रुपये में अमन से मनोज मुंडा की बात जीतराम मुंडा की हत्या कराने का सौदा तय करा दिया। अमन ने राजीव कुमार सिंह व अजीत प्रताप सिंह के माध्यम से अलीशेर से बात की, जो कि उस समय उनके यहां रहकर फरारी काट रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित था। उक्त दोनों ने मिलकर बरामद डस्टर कार से अलीशेर को डेहरीआनसोन तक छोडा था, जहां से अलीशेर मनोज मुंडा के घर साहेर(झारखण्ड) पहुंचा और वहां अपने साथी हेमंत यादव उर्फ डब्लु को बुला लिया था। इसके बाद गत 22 सितंबर को दोनों ने मिलकर आर्यन ढाबा पालू थाना ओरमांझी जनपद रांची में जीतराम मुंडा की गोलीमार कर हत्या कर दी थी। आरोपितों ने पूछताछ में यह भी बताया कि दोनों आपस में ममेरे भाई है और मुन्ना बजरंगी से इनका सम्बन्ध बहुत पुराना था। अजीत के पिता गजराज सिंह द्वारा मुन्ना बजरंगी को अपराध के शुरूआती दिनों में काफी सहयोग किया गया था और अपने यहां शरण दिया गया था। दोनों आरोपितों को झारखंड पुलिस द्वारा थाना कैंट में दाखिल कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page