Connect with us

शिक्षा

MGKVP: बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं पांच फरवरी से

Published

on

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की बीए और बीएससी परीक्षाएं पांच फरवरी से प्रारंभ होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा की तिथि और समय-सारिणी जारी कर दी गई है। मुख्य परिसर के साथ ही गंगापुर और एनटीपीसी परिसर में अध्ययनरत बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षाएं पांच फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न होंगी।

विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 की परीक्षाएं नई शिक्षा नीति के तहत कराई जा रही हैं। लंबे समय से प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थी परीक्षा कराए जाने की मांग कर रहे थे, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है। बीए-बीएससी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं मुख्य परिसर, गंगापुर और एनटीपीसी परिसरों में निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएंगी।

परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षाओं के लिए विभिन्न संकायों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पांच फरवरी से 20 फरवरी के बीच आठ, दस और पंद्रह फरवरी को परीक्षाएं नहीं होंगी, जबकि शेष सभी तिथियों में परीक्षा कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि यूजीसी की नई नियमावली को लेकर 28 जनवरी को छात्रों के विरोध प्रदर्शन के कारण यूजी और पीजी की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई थीं। अब एमएससी प्रथम सेमेस्टर बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स, जूलॉजी और पीजी डिप्लोमा इन रिमोट सेंसिंग की परीक्षा पांच फरवरी को दोपहर दो बजे से चार बजे तक कराई जाएगी, जिसकी विस्तृत जानकारी संबंधित विभागों से प्राप्त की जा सकती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page