खेल
LSG vs MI : लखनऊ सुपरजायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 12 रन से दी मात

लखनऊ। आईपीएल 2025 के 16वें मुकाबले में लखनऊ सुपरजायंट्स ने शुक्रवार को मुंबई इंडियंस को 12 रन से मात देकर धमाकेदार जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 203 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर केवल 191 रन ही बना सकी।
लखनऊ सुपरजायंट्स को मिचेल मार्श (60 रन, 31 गेंद, 9 चौके, 2 छक्के) और एडेन मार्करम (53 रन, 38 गेंद, 2 चौके, 4 छक्के) ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की।
मार्श की आक्रामक बल्लेबाजी ने मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। हालांकि बीच के ओवरों में निकोलस पूरन (12) और कप्तान ऋषभ पंत (2) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद आयुष बडोनी (30) और मार्करम ने पारी को संभालते हुए स्कोर को 150 के पार पहुंचाया।
डेविड मिलर ने अंतिम ओवरों में 27 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचा। मुंबई इंडियंस की ओर से कप्तान हार्दिक पांड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 28 रन देकर 5 विकेट लिए। वे आईपीएल इतिहास में पांच विकेट लेने वाले पहले कप्तान भी बने।
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही। ओपनर विल जैक्स (5) और रेयान रिकलटन (10) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद नमन धीर (46 रन, 24 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) और सूर्यकुमार यादव (67 रन, 43 गेंद, 9 चौके, 1 छक्का) ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 69 रन जोड़े।

हालांकि, जैसे ही धीर और सूर्या आउट हुए, रन गति धीमी पड़ गई। तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए लेकिन वह रिटायर्ड आउट हो गए। अंत में हार्दिक पांड्या (28*) और मिचेल सैंटनर (2*) लक्ष्य तक टीम को नहीं पहुंचा सके। लखनऊ की ओर से शार्दुल ठाकुर, आकाशदीप, दिग्वेश राठी और आवेश खान ने एक-एक विकेट लिया।