Connect with us

वायरल

IAS अभिषेक सिंह ने दिया इस्तीफा, राजनीति में आजमा सकते हैं हाथ

Published

on

2011 बैच के IAS अफसर अभिषेक सिंह का इस्तीफा शासन ने गुरुवार को मंजूर कर लिया है। मालूम हो कि, लंबी गैर हाजिरी के बाद फरवरी 2023 में यूपी सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बाद अभिषेक सिंह ने अक्टूबर 2023 में अपना इस्तीफा, नियुक्ति और कार्मिक विभाग भेजा था। केंद्रीय कार्मिक विभाग ने यूपी कार्मिक विभाग को मंजूरी पत्र भेज दिया है। जिसे स्वीकार करते हुए अभिषेक का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। अभिषेक की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल एक आईएएस अधिकारी हैं। इस समय वह जिलाधिकारी के पद पर बांदा में कार्यरत हैं।

अभिषेक सिंह पिछले कुछ सालों से बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। वह गुरु रंधावा, हार्डी संधु, बादशाह जैसे सिंगर के साथ म्यूजिक एल्बम में काम कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार चर्चा है कि, अभिषेक सिंह राजनीति में अपना हाथ आजमा सकते हैं। पूरी संभावना है कि उन्हें जौनपुर से इस बार लोकसभा चुनाव का टिकट मिल सकता है। हालांकि अभी किसी भी पार्टी ने जौनपुर से लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। ऐसे में पूरी चर्चा है कि बीजेपी, यूथ आइकॉन अभिषेक सिंह को टिकट देकर बड़ा दांव खेल सकती है।

राजनीति में अभिषेक की आने की चर्चा तभी शुरू हो गई थी जब उन्होंने पिछले साल अपने गृह जनपद जौनपुर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर बॉलीवुड नाइट कार्यक्रम का आयोजन कराया था। जिसमें यो यो हनी सिंह, अक्षरा सिंह, सुनील शेट्टी जैसे कलाकार आए थे। इस कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग उपस्थित भी हुए और यह कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क था।

इसके अलावा वर्तमान समय में अभिषेक सिंह जौनपुर से अयोध्या के बीच श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन कराने के लिए फ्री बस सेवा का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने जौनपुर के विभिन्न ब्लॉकों में किसानों के खेत में निःशुल्क जौनपुर किसान रथ के माध्यम से ड्रोन के द्वारा खाद का छिड़काव कराया था। जिसे लेकर वह किसानों के बीच काफी चर्चित भी हुए। इसके अलावा वह जौनपुर के विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन कर रहे हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page