वाराणसी
BHU : फायरिंग प्रकरण में पांच फरार आरोपितों पर 25-25 हजार का इनाम, पुलिस ने तेज की तलाश
वाराणसी। बीएचयू के बिड़ला ‘अ’ छात्रावास के मुख्य द्वार पर 21 फरवरी की रात बीए तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा और उसके साथी विशाल कुमार पर बाइक सवार हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच फरार बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। डीसीपी गौरव बंसवाल ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए यह घोषणा की है।
इनाम घोषित किए गए पांचों में तीन हमलावर और दो साजिशकर्ता शामिल हैं। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर इनाम घोषित कराया गया, ताकि अन्य एजेंसियां भी उनकी गिरफ्तारी में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
लंका पुलिस ने रौशन मिश्रा की तहरीर पर डिडिरमा खुर्द कैमूर बिहार निवासी तपस राय, ऋषभ राय, गौरी करहगर रोहतास बिहार निवासी पीयूष कुमार तिवारी के खिलाफ हमले का मुकदमा दर्ज किया था। वहीं कुदरा कैमूर बिहार निवासी अभिषेक उपाध्याय और डोइया रेडिया रोहतास बिहार निवासी क्षितिज उपाध्याय के विरुद्ध साजिश रचने का केस दर्ज किया गया।
घटना के बाद बीएचयू परिसर में भारी हंगामा हुआ था। हालात को काबू में करने में पुलिस को 48 घंटे का समय लग गया। छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए जमकर विरोध जताया। इस दौरान बीएचयू के सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई और चीफ प्राक्टर के नाम पर अभद्र टिप्पणियां भी की गईं।
मामले को लेकर बीएचयू सुरक्षा प्रशासन की ओर से 35 से 40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने हमलावरों और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की, लेकिन अब तक कोई भी आरोपित गिरफ्तार नहीं हो सका है। एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं और जल्द ही सभी आरोपितों को पकड़ा जाएगा।
