वाराणसी
BHU : फायरिंग की अफवाह के बाद बवाल, दो दर्जन से अधिक छात्रों के खिलाफ केस
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार रात फायरिंग की सूचना के बाद उत्पन्न हुई अफरा-तफरी के दौरान सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने तथा सड़क जाम कर प्रदर्शन करने वाले करीब 35 से 40 छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सुरक्षा अधिकारी परमानंद सिंह द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार कार्यालय को सूचना मिली कि बिरला ‘ए’ छात्रावास के पास गोली चलने की आवाज सुनी गई है। जानकारी मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य सुरक्षाकर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर पाया गया कि छात्रों का एक समूह उग्र अवस्था में था और चीफ प्रॉक्टर के नाम से अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था।
आरोप है कि जब छात्रों को शांत रहने के लिए समझाया गया तो उन्होंने प्रॉक्टोरियल टीम और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद छात्रों के समूह ने बिरला रुइया चौराहे पर पहुंचकर सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि उग्र छात्रों द्वारा प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों पर हमला करने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
