वाराणसी
अपना दल की अधिकार यात्रा को पुलिस ने रोका, पल्लवी ने कहा- लोकतंत्र का गला घोट रही योगी सरकार

वाराणसी। अपना दल की सामाजिक न्याय रोजगार एवं किसानों के सवालों को लेकर निकलने वाली अधिकार यात्रा को लेकर पुलिस पहले से ही अलर्ट थी, यही कारण है कि इस यात्रा को पुलिस द्वारा सारनाथ से शुरू होते ही भारी फोर्स लगाकर बलपूर्वक रोक दिया गया। यहीं नहीं यात्रा में शामिल होने आ रहे चार पहिया वाहनों एवं ट्रैक्टरों को जिले भर में जगह-जगह बाहरी रूट पर ही पुलिस ने सुबह से ही रोक रखा था।
पुलिस प्रशासन से यात्रा की अनुमति न मिलने के बावजूद अधिकार यात्रा का नेतृत्व कर रही डॉ पल्लवी पटेल पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज के पास अपने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंची, इस दौरान पल्लवी एवं पार्टी नेताओं से पुलिस की तीखी नोकझोंक होती रही। इसके बाद यात्रा के आगे न बढ़ने पर पल्लवी ने सड़क पर बैठकर ही कार्यकर्ताओं संग अपना विरोध भी दर्ज कराया।
इस दौरान अपना दल की राष्ट्रीय नेता डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि योगी सरकार नियम विरुद्ध तरीके से पुलिस बल का दुरुपयोग करते हुए सभी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों पर रोक लगा रही है। सारनाथ एक ऐतिहासिक स्थल है, यहां भगवान बुद्ध ने अपने शिष्यों को उपदेश दिया था। इसलिए हम यहां उनके चरणों में नमन करने आए हैं। अधिकार यात्रा से पूर्व भगवान बुद्ध के नमन पर रोक लगाकर राज्य सरकार अपनी संकुचित मानसिकता को दर्शाती है। आज का कार्यक्रम कोई विरोध प्रदर्शन नहीं था, इसके बावजूद वर्तमान राज्य सरकार भगवान बुद्ध के नमन एवं राजनैतिक सामाजिक यात्रा पर रोक लगाकर लोकतंत्र का गला घोट रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।