जौनपुर
जौनपुर जिला अस्पताल का निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
जौनपुर। प्रमुख सचिव के० रविंद्र नायक ने जिला अस्पताल और निर्माणाधीन जिला कारागार का निरीक्षण किया। जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इमरजेंसी कक्ष में एसी बदलवाने और डिस्पोजेबल बेडशीट लगवाने के निर्देश दिए। रेडियोलॉजी कक्ष में पहुंचकर उन्होंने प्रतिदिन होने वाले एक्स-रे की संख्या और स्टाफ द्वारा रेडिएशन से बचाव के उपायों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी को प्रवेश द्वार पर टोल फ्री नंबर को अपडेट कराने के निर्देश दिए गए। मरीजों से इलाज की स्थिति के बारे में पूछताछ की गई, वहीं ओपीडी और टेलीमेडिसिन सुविधाओं की समीक्षा करते हुए डॉक्टरों से फीडबैक लिया गया।दवा वितरण कक्ष में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई और निर्देश दिया गया कि एक्सपायरी दवाएं नहीं होनी चाहिए।
संबंधित रजिस्टर का अवलोकन किया गया और एंटी रेबीज व एंटी वेनम इंजेक्शन की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। डेंगू और डायरिया के मरीजों की संख्या की समीक्षा करते हुए नगर पालिका को प्रभावित क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया गया। निर्माणाधीन जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान मॉडल का अवलोकन किया गया और निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच के निर्देश दिए गए और श्रमिकों के श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। जिन श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन नहीं था, उनके पंजीकरण की व्यवस्था कराने को कहा गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी से क्वालिटी चेक कराने के निर्देश भी दिए गए।इसके बाद कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां पॉली हाउस, हाईटेक नर्सरी, मत्स्य पालन इकाई और मधुमक्खी पालन यूनिट का जायजा लिया गया।
मत्स्य बीज उत्पादन के लिए हैचरी का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। सादनपुर गौशाला में निरीक्षण के दौरान चारागाह, भूसे की उपलब्धता और वेटरिनरी यूनिट की स्थिति की समीक्षा की गई। बीमार पशुओं की नियमित जांच कराने और नैपियर घास बोने के निर्देश दिए गए। इस दौरान गो-पूजन किया गया और गायों को गुड़ व केला खिलाया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, परियोजना निदेशक, एसडीएम सदर, उपजिलाधिकारी बदलापुर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, मत्स्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
