Connect with us

मऊ

स्वच्छ भारत मिशन बैठक, प्लास्टिक निस्तारण के निर्देश

Published

on

Loading...
Loading...

मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी की बैठक कैंप कार्यालय स्थित सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा की गई, जिसमें एडीपीआरओ ने बताया कि जनपद में कुल 14,649 शौचालय निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से 14,536 प्रकरणों में प्रथम किस्त जारी कर दी गई है, जबकि शेष आवेदनों की प्रक्रिया जारी है।

अभी भी 15,388 आवेदन सत्यापन की प्रतीक्षा में हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को सत्यापन कार्य शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए, साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले घरों में शौचालय निर्माण को अनिवार्य करने पर जोर दिया।

पेरि-अर्बन ग्रामों की सूची का पुनः सत्यापन कर अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। ओडीएफ प्लस ग्रामों में आरआरसी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने उन ब्लॉकों में जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, जहां अभी तक यह उपलब्ध नहीं हो पाई है। गोबर धन परियोजना के तहत ग्राम पंचायत रणवीरपुर में पावर जेनरेशन बायोगैस प्लांट का निर्माण किया गया है, जिसके हस्तांतरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा, सभी खंड विकास अधिकारियों को गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने और वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक के वैज्ञानिक निस्तारण पर भी चर्चा हुई। ग्राम पंचायत काझा (विकासखंड रानीपुर) और ग्राम पंचायत सिद्धा अहिलासपुर (विकासखंड फतेहपुर मंडाव) में प्लास्टिक संग्रह और निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है।

जिलाधिकारी ने इस प्रक्रिया को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय समेत सभी खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत और संबंधित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page